0.4 C
New York
Monday, January 13, 2025
spot_img

इस चुनाव के बाद इतिहास बन जाएगी कांग्रेस : सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र की सांगली लोकसभा सीट पर एनडीए प्रत्याशी के लिए की जनसभा।

सीएम योगी ने कहा- हिंदुओं को जाति के नाम पर बांटकर ओबीसी को मिलने वाला आरक्षण मुस्लिमों को देना चाहती है कांग्रेस।

देश में जब भी कोई आपदा आती है तो राहुल गांधी इटली भाग जाते हैं : मुख्यमंत्री

Maharashtra सांगली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महाराष्ट्र की सांगली लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस चुनाव में जितना झूठ बोल सकती है बोल रही है, क्योंकि उसे मालूम है इस चुनाव के बाद कांग्रेस इतिहास बनने वाली है। उसको मालूम है कि इसके बाद कांग्रेस को देश की जनता पूरी तरह से ठुकरा देगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा में तो जनता ने इन्हें 4 सीट तक नहीं दी, यानी राम नाम सत्य बोलने वाले चार लोग भी नहीं हैं इनके पास। अब उनके पास एक ही उपाय है की हिंदू समाज को फिर से बांटो। वो जाति के नाम पर बाटेंगे, जातीय जनगणना के नाम पर आपको गुमराह करेंगे। आपस में लड़ाने के बाद वह चुपचाप ओबीसी को मिलने वाले आरक्षण का हिस्सा मुसलमानों को बांट देंगे। कांग्रेस के लोग बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान कर रहे हैं। ऐसे लोगों को हमें दोबारा सत्ता में वापस नहीं लाना है। सीएम योगी ने छत्रपति शिवाजी महाराज का नारा लगाते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की।

महाराष्ट्र ने भारत को बहुत कुछ दिया।

उन्होंने कहा कि यह महाराष्ट्र की वीर शौर्य भूमि है जिस भूमि ने भारत को अटक से कटक तक का सीमा विस्तार देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। सांगली की यह भूमि शौर्य और पराक्रम की भी है कला संस्कृति की भी है। यहां का मेहनतकस अन्नदाता और ऊर्जा से ओतप्रोत नौजवान अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करके आगे बढ़ता है। सांगली में आप सभी से लोकतंत्र के इस महापर्व पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की पावन धरा से अपील करने के लिए आपके बीच आया हूं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने भारत को बहुत कुछ दिया है। जब हम महाराष्ट्र की बात करते हैं तो जन-जन के मन में स्वराज का भाव पैदा करने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मरण हर भारतवासी करता है। गणनायक की आस्था को जगाकर लोकनायक कैसे बनते हैं तो हमें बाल गंगाधर तिलक याद आते हैं। सामाजिक अध्याय की परिकल्पना कैसी होनी चाहिए, जब हम इसका उल्लेख करते हैं तो साहू जी महाराज का स्मरण करना पड़ता है। एक राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करना है यह भाव पेशवा बाजीराव ने इसी महाराष्ट्र से हम सभी को सिखाया है। देश की आजादी के उस महाबिगुल को किस नाम से गौरवांवित करना है वीर सावरकर ने इसी धरती से 1857 के प्रथम स्वतंत्रता समर को प्रथम स्वतंत्र संग्राम की संज्ञा देकर भारत में आजादी के प्रति गौरव का भाव जगाने का काम किया था। पूरे देश में एक विधान हो और सब समान हो, इसके लिए भारत के संविधान के शिल्पी बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को भी इसी महाराष्ट्र ने भारत को दिया है।

2014 के बाद बढ़ा भारत का सम्मान

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। 2014 के पहले का भारत एक ऐसा भारत था जिसका दुनिया के अंदर सम्मान लगातार गिर रहा था, सीमाएं सुरक्षित नहीं थी, आतंक की घटनाएं होती थी, नक्सलवाद तेजी के साथ अपना पैर फैला रहा था, अन्नदाता किसान आत्महत्या कर रहा था, नौजवान पलायन कर रहा था, देश के अंदर ना व्यापारी सुरक्षित था ना बेटी सुरक्षित थी, देश के अंदर अविश्वास का माहौल था, देश के अंदर संवैधानिक संस्थाएं भ्रष्टाचार में डूबी हुई थीं। जिन लोगों को देश को आगे बढ़ाना चाहिए था, वह स्वयं भ्रष्टाचार में डूबे हुए थे। वहीं 2014 के बाद का भारत हम सभी देख रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया के अंदर 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बढ़ा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई है। अब कोई देश भारत की सीमा में अतिक्रमण नहीं कर सकता। आतंकवाद समाप्त हुआ है नक्सलवाद तेजी के साथ समाप्त हुआ है। अब तो भारत के अंदर कहीं जोर से कोई पटाखा फूटता है तो पाकिस्तान पहले सफाई देता है कि मेरा हाथ नहीं है क्योंकि उसे मालूम है कि यह नया भारत है जो छेड़ता नहीं है लेकिन अगर कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ता भी नहीं है। यह नया भारत आज दुनिया का सिरमौर बन रहा है। नए भारत में सम्मान भी है, सुरक्षा भी है, विकास भी है, गरीब कल्याण भी है और इन सभी से बढ़कर आपकी आस्था का सम्मान भी है।

गौकशी को स्वीकार नहीं करेगा देश

कांग्रेस के कारनामों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि याद करिए जब देश में कोरोना का संकट आया, देश में कोई आपदा आई, राहुल गांधी सबसे पहले देश छोड़कर के भागते हैं। आपने देखा होगा कोविड आया था, वह इटली चले गए। देश के अंदर कहीं पर कोई आपदा आती है, भूकंप आता है, बाढ़ आती है, वह इटली भाग जाते हैं। जब इटली ही जाना है तो चुनाव में यहां पर समय बर्बाद करते हैं। वो भारत के बाहर जाएंगे तो भारत की निंदा करेंगे और भारत के अंदर आएंगे तो भारत को ऐसा बनाने का प्रयास करेंगे जैसे इनकी बपौती हो। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन को घोषणा पत्र पर भी कटाक्ष किया। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है की अगर उनकी सरकार बनती है तो वह अल्पसंख्यकों को उनकी रुचि के अनुसार ही खान-पान की स्वतंत्रता देंगे। मैं पूछना चाहता हूं कि ऐसी कौन सी रुचि है मुस्लिम समाज की जो हिंदुओं से अलग है। हिंदू समाज गौकशी को स्वीकार नहीं कर सकता। कांग्रेस देश के अंदर गौ हत्या की खुली छूट देना चाहती है। क्या आप इसे स्वीकार करेंगे। अगर हमारा वोट ऐसे लोगों को जाता है जो गौ हत्यारों को प्रश्रय देते हैं और गौ मांस को प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं तो इससे बड़ा पाप और कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आपने सैम पित्रोदा का बयान सुना होगा। वह कहता है की हम विरासत टैक्स लगाएंगे यानी कांग्रेस हमारी विरासत पर टैक्स वसूलेगी। यह कतई स्वीकार नहीं होना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा के महाराष्ट्र के अध्यक्ष चंद्रशेखर, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एवं शिवसेना के उपनेता गुलाबराव पाटिल, सांगली से एनडीए के प्रत्याशी संजय काका पाटिल, शेखर इनामदार, शशिकांत पाटिल, प्रकाश गंगजी, नीता केलकर, मकरंद देशपांडे, नितिन शिंदे समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles