पशुधन मंत्री ने बहुउद्देशीय सचल पशु चिकित्सा सेवा के तहत 5 नवीन वातानुकूलित वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
पशुधन की सुरक्षा और संवर्धन का कार्य बहुत जरूरी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज यहां पशुपालन निदेशालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश में संचालित बहुउद्देशीय सचल पशु चिकित्सा सेवायें (राज्य योजना) के तहत 5 नवीन वातानुकूलित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभाग को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश पशुजन्य उत्पाद 2023 पुस्तिका का विमोचन भी किया। मंत्री सिंह ने कहा कि पशुधन की सुरक्षा और संवर्धन का कार्य बहुत जरूरी है। पशुपालकों को पशुधन हेतु आवश्यक सभी सहायता समय से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग को समर्पित नवीन पॉच बहुउद्देशीय सचल चिकित्सा वाहनों से क्षेत्रीय स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे पशु टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, कुक्कुट पालन, लघु पशु विकास, पशुधन बीमा, मोबाइल वेटनरी इकाईयों के साथ-साथ निराश्रित गोवंश संरक्षण कार्यक्रम का सघन अनुश्रवण किया जा सकेगा। पशुपालकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने हेतु संचालित कार्यक्रम जैसे बकरी पालन, भेंड पालन, कुक्कुट पालन आदि की निगरानी की जा सकेगी। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री ने कहा कि नवीन वाहनों की उपलब्धता से पशुपालन विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों को जनमानस तक सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाए। वर्तमान वर्ष में भी नवीन वाहनों की अतिरिक्त व्यवस्था करने के प्रयास किये जायेंगे।
पशुपालन विभाग में बहुउद्देशीय सचल पशु चिकित्सा सेवायें (राज्य योजना) अन्तर्गत संचालित वाहनों द्वारा पशुओं के उपचार, चिकित्सा, कल्याणार्थ जैसे विभिन्न प्रकार के कार्य सम्पादित किये जा रहे है। कार्यक्रम में विशेष सचिव, पशुधन देवेन्द्र पाण्डेय, विशेष सचिव अमरनाथ उपाध्याय, पशुपालन विभाग के निदेशक, प्रशासन एवं विकास डा रघुनाथ सिंह, निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र डा पीएन सिंह , एलडीबी के कार्यकारी अधिकारी डा नीरज गुप्ता, डा नीलम बाला तथा अपर निदेशक डा एके वर्मा उपस्थित थे।