15.1 C
New Delhi
Wednesday, February 5, 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पिलखुआ में की जनसभा।

पाकिस्तान की जितनी आबादी, दस वर्ष में उससे अधिक हमारे यहां गरीबी रेखा से उबरे-योगी आदित्यनाथ

10 वर्ष में हुए परिवर्तन के कारण गूंज रही, फिर एक बार मोदी सरकार- सीएम योगी

Uttar Pradesh गाजियाबाद। पूरे देश में एक ही स्वर गूंज रहा है फिर एक बार मोदी सरकार अबकी पार 400 पार। यह नारा अकारण ही नहीं गूंज रहा है, बल्कि इसके पीछे देश के अंदर 10 वर्ष में हुआ परिवर्तन है। देश के परिवर्तन का कारण केवल नरेंद्र मोदी हैं। पाकिस्तान की जितनी आबादी है भारत में उससे अधिक आबादी 10 वर्ष में गरीबी रेखा से मुक्त होकर खुशहाल जीवन यापन कर रहे है। उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने गुरुवार को पिलखुआ में जनसभा कर गाजियाबाद से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी व विधायक अतुल गर्ग के लिए कमल का फूल खिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिलखुआ के हस्तशिल्पियों व कारीगरों ने हैंडलूम के माध्यम से अपने हुनर का लोहा मनवाया।

इस वर्ष के अंत तक मेरठ में शुरू कर देंगे मेट्रो का कार्य।

सीएम योगी ने कहा कि यहां इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े-बड़े कार्य हुए हैं। दिल्ली से मेरठ के बीच 12 लेन का हाइवे बन चुका है। रैपिड रेल का कार्य तेजी से चल रहा है। 2014 में मोदी आए थे तो देश के महज पांच शहरों में मेट्रो थी आज देश के 20 और यूपी के छह शहरों (लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, कानपुर) में मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। इस वर्ष के अंत तक मेरठ सिटी में मेट्रो का कार्य प्रारंभ कर देंगे। 2014 में सात एम्स थे आज 22 एम्स है यानी हर क्षेत्र में कई गुना वृद्धि हुई है। इंफ्रास्ट्रक्चर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

यहां 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहा, पाकिस्तान में 22 करोड़ की आबादी भूखी मर रही है

सीएम योगी ने कहा कि मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया। 1947 में पाकिस्तान बना, आबादी से अधिक भूभाग वहां चला गया। आज भारत जहां 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दे रहे है वहीं पाकिस्तान की 22 करोड़ की आबादी भूखे मरने की स्थिति में है। हम यूपी में उपचार के लिए पीड़ित के खाते में सीधे पैसा भेज देते हैं जिससे उपचार के अभाव में किसी को तड़पना न पड़े।

500 वर्ष बाद रामलला ने अपनी जन्मभूमि पर जन्मदिन मनाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 500 वर्षों बाद रामलला को अपनी जन्मभूमि पर जन्मदिन मनाने का अवसर प्राप्त हुआ। रामनवमी पर अयोध्या धाम में आपने देखा होगा कि सूर्यवंश के शिरोमणि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का दोपहर 12 बजे भगवान सूर्य की किरणों से कैसे अभिषेक हो रहा था। यह देख पूरा सनातन भारत गौरव से आलोकित हो रहा था। यह क्षण कैसे आया, यह किसी से छिपा नहीं है पर विपक्षी दलों के लोग यह कार्य नहीं कर पाते।

आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश आवश्यक।

सीएम योगी ने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस ने उप्र को दंगा व कर्फ्यू की चपेट में ला दिया। हर दूसरे दिन दंगा व महीनों कर्फ्यू लगता था। आज धूमधड़ाके के साथ बिना रोकटोक कांवड़ यात्रा निकलती है। अब सुरक्षा का बेहतर माहौल दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना के अनुरूप विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर भारत आवश्यक है। आत्मनिर्भर भारत के लिए उत्तर प्रदेश का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। विकसित देश के लिए तीसरी बार मोदी को पीएम बनाना है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया, योगी सरकार के मंत्री सुनील शर्मा, नरेंद्र कश्यप, विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सिंह सैनी, गाजियाबाद से भाजपा उम्मीदवार अतुल गर्ग, हापुड़ भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, विधायक धर्मेश तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles